41 हजार से ज्यादा किशोरियां अभी HPV टीके से वंचित, DM ने अभिभावकों से की बेटियों को टीका लगवाने की अपील

*🚨 बड़ी खबर | कानपुर नगर*

*41 हजार से ज्यादा किशोरियां अभी HPV टीके से वंचित, DM ने अभिभावकों से की बेटियों को टीका लगवाने की अपील?*
सूर्या न्यूज 24 | कानपुर नगर से नफीस खान
कानपुर नगर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किशोरियों के HPV टीकाकरण अभियान को तेज करने पर जोर दिया जा रहा है।
रविवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने रावतपुर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर टीकाकरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पात्र बेटियों को समय पर निःशुल्क HPV वैक्सीन जरूर लगवाएं।
जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 59,450 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 18,377 किशोरियों को HPV का टीका लगाया जा चुका है, जबकि 41,073 किशोरियां अभी टीकाकरण से बाहर हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस यानी HPV संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और HPV वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने अभिभावकों से कहा कि किसी भी तरह की अफवाह, भ्रम या संकोच में न आएं और अपनी पात्र बेटियों का समय पर टीकाकरण कराएं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए और कोई भी पात्र किशोरी टीकाकरण से वंचित न रहे।
अभियान के तहत प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि रविवार को विशेष टीकाकरण शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
पात्र किशोरियों तक पहुंचने के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा ड्यू लिस्ट तैयार की गई है और घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, टीकाकरण व्यवस्था तथा मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों में कामकाज के कारण स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंच पाने वाले लोग रविवार को अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर या नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
📌 एक नजर में
कुल लक्ष्य: 59,450 किशोरियां
अब तक टीकाकरण: 18,377
टीकाकरण से शेष: 41,073
पात्र आयु वर्ग: 14 से 15 वर्ष
टीकाकरण शुल्क: पूरी तरह निःशुल्क
नियमित सत्र: बुधवार और शनिवार
विशेष शिविर: रविवार
संपर्क: आशा/आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसपी यादव ने भी अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पात्र बेटियों का समय पर निःशुल्क HPV टीकाकरण जरूर कराएं।


