बगहा में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राधा- कृष्ण की पोशाक में बच्चे हाथ में बांसुरी और सिर पर मोरपंख लगाए नजर आए।
बगहा। बगहा अनुमंडल सहित बगहा नगर क्षेत्र में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर बच्चों, युवाओं और परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर परिजनों ने अपने नन्हे-मुन्ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में सजाया। कृष्ण की पोशाक में बच्चे हाथ में बांसुरी और सिर पर मुकुट व मोरपंख लगाए नजर आए, वहीं राधा के रूप में सजी बच्चियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बच्चों की मनमोहक तस्वीरें लेने के लिए परिजन भी काफी उत्साहित दिखे।वही कृष्ण जन्माष्टमी पर राधा कृष्ण के वेश धारण किए पूजा समितियों द्वारा नन्हे बच्चों को प्रोत्साहित भी किया गया। बगहा नगर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में विशेष सजावट की गई। मंदिरों को रंग-बिरंगी झालरों, फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। शाम होते ही मंदिरों में भजन-कीर्तन शुरू हो गया। श्रद्धालु राधा-कृष्ण की भक्ति में लीन होकर भजन गाते नजर आए। देर रात तक मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।अर्धरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मंदिरों में जयकारे गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भगवान का जन्मोत्सव मनाकर प्रसाद का वितरण किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कर जन्माष्टमी मनाई गई। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।




